दिल्ली में एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हिमांशी गांधी (Himanshi Gandhi) की मौत हो गई है. जहां पुलिस इसे सुसाइड बता रही है, वहीं परिवार वालों का कहना है कि हिमांशी की मौत के पीछे साजिश है. हिमांशी की फेसबुक और यूट्यूब पर उनकी अच्छी खासी फॉलोइंग थी. वो सोशल मुद्दों पर लगातार पोस्ट करती थीं.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबित हिमांशी 24 जून से लापता थीं. उनके परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई थी. लापता होने के एक दिन बाद यानी 25 जून को उनका शव यमुना नदी में मिला. पुलिस को इस मामले में एक सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसके आधार पर पुलिस इस पूरे मामले को सुसाइड बता रही है. हालांकि, परिवार को शक है कि हिमांशी की मौत के पीछे कोई गहरी साजिश है क्योंकि वो ऐसा कदम उठा ही नहीं सकतीं. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. इसके साथ ही पुलिस हिमांशी के पर्स और मोबाइल की तलाश कर रही है.
नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हिमांशी ने हाल ही में अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक कैफे खोला था. इसी सिलसिले में वो 24 जून को विजय नगर गई थीं. हालांकि, देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं. उसी वक्त हिमांशी के एक दोस्त ने उनकी मां को फोन कर बताया कि हिमांशी काफी गुस्से में कैफे से निकली है. दोस्त ने यह भी बताया कि सब मिलकर हिमांशी को खोज रहे हैं.
पुलिस ने हिमांशी की कथित सुसाइड की वजह की जांच करने की बात कही है.
0 Comments