सहरसा : मां को बचाने पहुंचा बेटा भी आया हाईटेंशन तार की चपेट में, दोनों की मौत

सहरसा Raviawithvidya टीम

बिहार के सहरसा जिले के सत्तरकटैया प्रखंड क्षेत्र की बिजलपुर पंचायत के पदमपुर गांव में सोमवार को हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई है। 


पदमपुर गांव निवासी कैलू यादव का पुत्र मन्नू कुमार( 14 वर्ष) बिजली प्रवाहित हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। पुत्र को बिजली की चपेट में देख मां रंजू देवी (35 वर्ष) दौड़कर उसे बचाने गई लेकिन करंट से वह भी झुलस गई। इस घटना में मां-बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बिजली करंट से मां-बेटे की मौत की खबर सुनकर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। 

मां-बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद बिहरा थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लाश को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। बिहरा थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को बताया कि विभाग द्वारा हरसंभव मदद पीड़ित परिवार के सदस्यों को की जायेगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। बिजली कंपनी के जेई रवितेज झा ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर पीड़ित परिवार को समुचित मुआवजा दिया जाएगा।