सुपौल : पड़ोसन के घर गई थी मां, घर में लगी आग, झुलसकर मासूम की मौत

सुपौल, Raviawithvidya टीम,


बिहार के सुपौल के एक घर में मंगलवार दोपहर एक महिला अपने तीन साल के मासूम को घर में सुलाकर पड़ोसन के घर गई थी। इसी दौरान घर में आग लग गई जिसमें झुलसकर मासूम प्रियांशु की मौत हो गई। अगलगी में एक लाख नगद सहित कई कीमती सामान जल गये। घटना शहर के ब्रह्मस्थान वार्ड 16 की है। आग रसोई गैस के रिसने से लगी थी। 


घर के मालिक दीपनारायण सिंह में रहते हैं। घर में उनके बूढ़े पिता, पत्नी और बच्चे रहते हैं। मंगलवार दोपहर को घर के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गये थे। घर में मासूम प्रियांशु सो रहा था जबकि उसकी मां पड़ोसन के घर गई हुई थी। इस बीच करीब साढ़े 12 बजे अचानक टिन के घर में आग लग गई। जबतक पड़ोस के लोग वहां पहुंचकर कुछ कर पाते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। मोहल्लेवासियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और कुछ युवकों ने घर में सो रहे प्रियांशु को बाहर निकाला लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस गया था। आनन-फानन में लोग मासूम को लेकर सदर अस्पताल आए लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।



पीड़ित दीपनारायण सिंह के पिता रामप्रसाद सिंह ने बताया कि बताया कि कर्ज चुकाने के लिए घर में रखे एक लाख रुपए नगद भी जलकर राख हो गये। साथ ही घर में रखे अनाज, कपड़े, फर्नीचर आदि सामान जल गए। बताया कि करीब चार लाख रुपये की क्षति हुई है।