परबत्ता थाना क्षेत्र के विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर जगतपुर के पशु हाट के पास मंगलवार सुबह ट्रैक्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से ट्रैक्टर पर सवार मजदूर गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया मकंदपुर निवासी अर्जुन साह (28), पिता स्व. कैलाश साह की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि सोमवार की संध्या सिंघिया मकंदपुर निवासी मनोज साह उर्फ मक्खी साह जबरदस्ती भूसा कसने के लिए तारापुर लेकर गए थे। तारापुर में भूसा कसकर ट्रैक्टर पर लोड करने के बाद उसी ट्रैक्टर से वह वापस लौट रहा था। इसी दौरान जगतपुर के पास विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर ट्रैक्टर तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित हो गया और पलट गया। ट्रैक्टर के पलट जाने से अर्जुन ट्रैक्टर के नीचे दब गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे दबे अर्जुन साह के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा। दुर्घटना में अर्जुन की मौत होने की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। परबत्ता पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। परबत्ता थाना के दारोगा रामचंद्र यादव ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इधर दुर्घटना में मजदूर की मौत हो जाने के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था। मृतक को दो पुत्री साक्षी कुमारी एवं मीनाक्षी कुमारी है।